LOADING

Type to search

लेकसिटी उदयपुर में पर्यटकों का बूम, होटल फुल

Local

लेकसिटी उदयपुर में पर्यटकों का बूम, होटल फुल

Share

कमरों का किराया 25 हजार तक पहुंचा
उदयपुर, 25 दिसम्बर:
क्रिसमस और विंटर वेकेशन के चलते विश्व पर्यटन मानचित्र पर ख्यात लेकसिटी उदयपुर एक बार फिर देसी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार हो उठी है। पर्यटकों की भारी आवक के चलते शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के होटल, रिसोर्ट और विला भी पूरी तरह फुल हो चुके हैं। बढ़ती मांग का सीधा असर ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर दिख रहा है, जहां कमरों के किराए तेजी से बढ़कर 25 से 30 हजार रुपये तक जा पहुंचे हैं। पर्यटन व्यवसायियों के अनुसार यही स्थिति बनी रही तो आगामी 5 जनवरी तक शहर में पर्यटकों की चहल-पहल बनी रहेगी।
सर्दियों की छुट्टियों ने बढ़ाया आकर्षण
देश-प्रदेश में सर्दियों की छुट्टियां और क्रिसमस वेकेशन शुरू होते ही झीलों की नगरी उदयपुर सैलानियों की पहली पसंद बन गई है। नौकरी-व्यवसाय के कारण बाहर रहने वाले प्रवासी परिवारजन भी छुट्टियों में उदयपुर लौट रहे हैं। बीते कुछ वर्षों में सेलेब्रिटी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मिली पहचान ने उदयपुर के प्रति आकर्षण और बढ़ा दिया है। झीलें, अरावली की वादियां, हरियाली और सुहावना मौसम पर्यटकों को खासा लुभा रहा है।
होटल, रिसोर्ट और विला फुल
शहर के भीतर स्थित होटलों में डबल बेड रूम का किराया 2 हजार से शुरू होकर 5 से 7 हजार रुपये तक है, जबकि शहर से बाहर स्थित लग्जरी होटल व रिसोर्ट में यह 25 हजार रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं 10 सदस्यों की क्षमता वाले विला 35 से 40 हजार रुपये में बुक हो रहे हैं। होटल व्यवसायी शक्तिसिंह इण्डा के अनुसार शिल्पग्राम उत्सव, फ्लावर शो, झीलों में बोटिंग और रोप-वे पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण बने हुए हैं।
5 जनवरी तक रहेगा पर्यटन सीजन
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के उदयपुर संभाग अध्यक्ष राकेश चौधरी का कहना है कि दिसंबर के अंतिम दस दिन उदयपुर के लिए पीक सीजन होते हैं। इस दौरान लग्जरी होटलों की दरें अपने शिखर पर रहती हैं और यह रौनक आगामी 5 जनवरी तक बनी रहने की संभावना है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते निजी घरों, फार्महाउस और खेतों में बने झोपड़ों में भी ठहराव बढ़ा है। वहीं ऑटो, दुपहिया वाहन किराया और अन्य पर्यटन सेवाओं की दरें भी कई गुना बढ़ गई हैं, जिन्हें पर्यटक मजबूरी में स्वीकार कर रहे हैं।
बड़ी गाड़ियों को गलियों में घुसा रहा गूगल
-गुरुवार को उदयपुर के अंदरूनी ब्रह्मपुरी क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बढ़ जाने से जाम की स्थित बन गई। इस दौरान बड़ी गाड़ियां क्षेत्र की गलियों में घुस गईं और वे वहां भी फंस गईं। जब क्षेत्रवासियों ने बड़ी गाड़ियों वालों से गलियों में घुसने की वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि गूगल पर यह रास्ता भी जगदीश चौक की तरफ जाने का बता रहा है। लोगों ने कहा कि उदयपुर की गलियां तो आगे-से-आगे पूरे शहर की तरफ जाती हैं, इसका मतलब यह नहीं कि गलियों में बड़ी गाड़ियां घुसा दो। गूगल मार्ग तो बताता है पर यह नहीं बताता कि वह चौड़ा कितना है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *