मेहनत ही सफलता की असली कुंजी: कपिल देव
Share
सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल, मेवाड़ी पाग से किया सम्मान
चित्तौड़गढ़, 25 दिसम्बर: सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का संदेश दिया। धूप में बैठे बच्चों को देखकर भावुक हुए कपिल देव ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य रखना भी मेहनत का ही हिस्सा है और यही मेहनत आगे चलकर सफलता की नींव बनती है। उन्होंने कहा कि परिणाम हर किसी के हाथ में नहीं होता, लेकिन ईमानदार प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
चित्तौड़गढ़ में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव के आगमन से खिलाड़ियों और दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
समारोह के दौरान सांसद सीपी जोशी ने कपिल देव का पारंपरिक मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। यह सम्मान मेवाड़ की सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक रहा, जिसे मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों ने तालियों के साथ सराहा।
धूप में बैठे बच्चों पर जताई संवेदना
अपने संबोधन में कपिल देव ने कहा कि जो बच्चे और खिलाड़ी पूरे दिन धूप में बैठे रहे, उसके लिए उन्हें अफसोस है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी ऐसे दौर से गुजर चुके हैं और जानते हैं कि यह कितना कठिन होता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि खेल को आनंद के साथ खेलें, क्योंकि आनंद से खेला गया खेल ही जीत की ओर ले जाता है।
हर खिलाड़ी चैंपियन नहीं, पर मेहनत जरूरी
कपिल देव ने कहा कि यह जरूरी नहीं कि हर खिलाड़ी चैंपियन बने, लेकिन जो चैंपियन नहीं बनते, वही अगली पीढ़ी को चैंपियन बनाने का रास्ता तैयार करते हैं। मेहनत खिलाड़ी के हाथ में होती है, परिणाम नहीं। सांसद खेल महोत्सव के तहत कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 56 टीमों ने मार्चपास्ट में भाग लिया, जिसमें महिलाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में विधायकगण, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
