क्लिनिक के बाहर नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट
Share
वीडियो फुटेज के बावजूद कार्रवाई में ढिलाई पर एसपी को ज्ञापन
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 27 दिसम्बर: प्रतापगढ़ शहर में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ अश्लील हरकतें और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपनी मां के साथ डॉक्टर के पास इलाज के लिए गई थी। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पीड़िता की मां के अनुसार जब वे क्लिनिक के बाहर डॉक्टर का इंतजार कर रही थीं, तभी बाइक पर आए एक युवक ने बालिका पर अश्लील टिप्पणियां और इशारे करना शुरू कर दिया। जब मां ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए दोनों के साथ बीच सड़क पर मारपीट की। शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठा हुई तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट तुरंत प्रतापगढ़ पुलिस थाने में दी गई थी। पीड़ित पक्ष ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाए थे। लेकिन, प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए और वह पीड़ित परिवार को धमकियां देने लगा।
घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज पीड़ित परिवार ने जिला पुलिस अधीक्षक को न्याय के लिए सौंपा। एसपी बी. आदित्य ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मणलाल को सौंपी गई है। प्रारंभिक तौर पर ढिलाई बरतने के आरोपों के बाद पुलिस अब इस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
