जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर ठगे 60 लाख
Share
उदयपुर, 1 जनवरी: गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने अंधविश्वास के जरिये लाखों की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी से अर्जित धन से बनाए गए मकान को कुर्क किया है। आरोपी ने जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर पीड़ित से करीब 60 लाख रुपए और सोना हड़प लिया था।
थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी इन्द्रदास वैष्णव निवासी नाहरमगरा थाना डबोक ने पीड़ित सत्यनारायण सुथार और उसके मित्र को चमत्कारी शक्तियों का दावा करते हुए जमीन में गड़ा सोना निकालने का भरोसा दिलाया। पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठानों के नाम पर वह लंबे समय तक रकम ऐंठता रहा।
पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2024 में उदयपुर भ्रमण के दौरान आरोपी से मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी ने पूजा की विधियां बताकर अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम वसूल की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम से आरोपी ने थाना डबोक क्षेत्र के धूणी माता गांव में नया मकान बनवाया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर मकान को कुर्क कराया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल पीड़ित को न्याय दिलाना है, बल्कि समाज में फैल रहे अंधविश्वास और ठगी के ऐसे तरीकों पर भी प्रभावी रोक लगाना है। मामले में आगे की जांच जारी है।
