LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ में युवक की मौत के बाद तनाव, कन्नौज गांव में बाजार बंद

Local

चित्तौड़गढ़ में युवक की मौत के बाद तनाव, कन्नौज गांव में बाजार बंद

Share

मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण, DSP–SDM मौके पर; भारी पुलिस जाब्ता तैनात
चित्तौड़गढ़, 2 जनवरी:
जिले के भदेसर क्षेत्र के कन्नौज गांव में एक युवक की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। 27 दिसंबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल दुर्गेश रेगर ने उदयपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते शुक्रवार को बाजार पूरी तरह बंद रहे।
स्थिति को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भदेसर के डिप्टी एसपी और एसडीएम मौके पर मौजूद हैं, जबकि अन्य थानों से भी जाब्ता बुलाया गया है।
मामूली विवाद से शुरू हुई हिंसा
पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत 27 दिसंबर को एक पारिवारिक विवाद से हुई थी। दुर्गेश रेगर और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शकील की मां बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। बातचीत के दौरान धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें उन्हें चोट लग गई। घटना की सूचना फोन पर शकील को दी गई, जिसमें उसकी मां के साथ मारपीट की बात कही गई।
घर पहुंचकर किया जानलेवा हमला
सूचना मिलते ही शकील अपने 4–5 साथियों के साथ दुर्गेश के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे पहले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक होने पर उदयपुर रेफर किया गया। करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।


बाजार बंद, प्रदर्शन तेज
मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को कन्नौज गांव के बाजार बंद रहे और चौराहों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग कन्नौज पहुंचने लगे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मुआवजा और नौकरी की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों की प्रमुख मांग है कि पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने खुद सरेंडर कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की नामजद रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और कुछ संदिग्धों को डिटेन किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गांव में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *