बेरोजगारी अपराध की वजह न बने, पुलिस ने उठाया बीड़ा
Share
उदयपुर रेंज में शुरू हुआ नवाचार
स्किल डेवलपमेंट मॉडल के लिए पुलिस-अंबुजा फाउंडेशन में करार
उदयपुर, 6 जनवरी: बेरोजगारी किसी युवा को अपराध में न धकेल दे, इसके लिए उदयपुर पुलिस रेंज में विशेष पहल की गई है। युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से अंबुजा फाउंडेशन के साथ युवा कौशल विकास एवं अपराध रोकथाम को लेकर एमओयू किया गया है।
आईजी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं, विशेष रूप से प्रथम बार अपराध में संलिप्त युवाओं और ऐसे परिवारों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना है, जिनके घर के मुखिया की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। पुलिस का मानना है कि बेरोजगारी और अपराध के बीच गहरा संबंध है, जिसे सकारात्मक दिशा देकर तोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के तहत उदयपुर रेंज के सातों जिलों—उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर—में युवाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण के लिए नामांकित किया जाएगा। स्थानीय पुलिस थानों और यूथ स्किल समूहों के माध्यम से चयनित युवाओं को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग मिलेगा।
अंबुजा फाउंडेशन अपने कौशल एवं उद्यमिता विकास केंद्रों के जरिये तकनीकी, सेवा, डिजिटल और सौंदर्य-वेलनेस जैसे क्षेत्रों में उद्योग मानक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल से न केवल अपराध की पुनरावृत्ति में कमी आएगी, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। उदयपुर रेंज पुलिस का मानना है कि सशक्त युवा ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं।
