160 करोड़ की ऑनलाइन ठगी मामले में एक और गिरफ्तारी
Share
दुबई-जॉर्जिया के ठगों को दिए थे बैंक खाते, पहले पकड़े गए 2 बदमाश
डूंगरपुर, 7 जनवरी: देशभर में 160 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी के बड़े रैकेट पर डूंगरपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल साइबर ठगी मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि इस ठगी रैकेट के मास्टरमाइंड कुवैत, दुबई और जॉर्जिया से बैठकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी मनीष कलाल (24) पुत्र विनोद कलाल, निवासी इन्द्रखेत, थाना सदर डूंगरपुर लंबे समय से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। जैसे ही उसके घर आने की सूचना मिली, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी मनीष कलाल ने स्वीकार किया कि उसने भोले-भाले लोगों के बैंक खाते खुलवाए और उन्हें दुबई, कुवैत व जॉर्जिया में बैठे शातिर ठगों को उपलब्ध कराया। इन्हीं खातों के जरिए देशभर में करीब 160 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब विदेश में बैठे ठगी रैकेट के सरगनाओं को पकड़ने के लिए पुलिस मुख्यालय से मार्गदर्शन लिया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से साइबर ठगी नेटवर्क की बड़ी कड़ी सामने आई है।
