‘डेस्टिनेशन उदयपुर’ राष्ट्रीय स्तर और अधिक प्रभावी ढंग से होगा प्रमोट
Share
उदयपुर में पहली बार राजस्थान ट्रैवल ट्रेड फेयर आज से, 11 जनवरी तक देशभर के होटल व पर्यटन विशेषज्ञ होंगे शामिल
उदयपुर, 8 जनवरी: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी उदयपुर में पहली बार राजस्थान ट्रैवल ट्रेड फेयर का आयोजन 9 से 11 जनवरी तक किया जा रहा है। विभिन्न होटल एवं ट्रैवल संगठनों के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय फेयर में देशभर से होटल, ट्रैवल एजेंट्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य ‘डेस्टिनेशन उदयपुर’ को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से प्रमोट करना है।
फेयर के फाउंडर कमल शाह ने बताया कि 9 जनवरी को सायं 5 बजे लाभगढ़ रिसोर्ट में गेदरिंग प्रोग्राम के साथ फेयर का उद्घाटन होगा। 10 जनवरी को सुबह 10 बजे चित्रकूट नगर स्थित थर्ड स्पेस में राजस्थान प्रीमियम होटल्स एंड ट्रैवल एक्सपो का शुभारंभ होगा, जिसमें देशभर से करीब 100 होटल व पर्यटन से जुड़ी स्टॉल्स लगेंगी। इस दौरान लगभग एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। फेयर का समापन 11 जनवरी को होगा।
उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मनीष गलुण्डिया ने बताया कि यह आयोजन मार्केटिंग के माध्यम से उदयपुर को अधिकाधिक पर्यटकों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है। पहली बार होने के कारण सीमित रूप में करीब 200 ट्रैवल एजेंट्स को ही आमंत्रित किया गया है।
सरकार की उदासीनता फिर भी उम्मीद
यूनाइटेड होटेलियर्स ऑफ उदयपुर के अध्यक्ष यू.बी. श्रीवास्तव ने कहा कि बजट में घोषणा के बावजूद राज्य सरकार ने इस आयोजन में कोई सहयोग नहीं दिया। होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान के अध्यक्ष सुभाष राणावत और होटल फेडरेशन राजस्थान के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने भी सरकार की उदासीनता पर नाराजगी जताई। फाउंडर कमल शाह ने बताया कि उपमुख्यमंत्री से आग्रह के बावजूद कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बावजूद आयोजन से पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
