खेमली में यूरिया वितरण के दौरान हंगामा, युवक ने फूंकी बाइक
Share
उदयपुर, 8 जनवरी: मावली उपखंड के खेमली कस्बे में यूरिया खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था और लंबा इंतजार किसानों के लिए विवाद का कारण बन गया। आसना सहकारी समिति के गोदाम पर गुरुवार को खाद लेने किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महीनों बाद आपूर्ति होने के कारण सुबह से लंबी कतारें लगीं, लेकिन वितरण में व्यवधान और निर्धारित समय से पहले रोकने से तनाव बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घंटों लाइन में खड़े रहने से एक वृद्ध महिला गिर पड़ी, जिसे ग्रामीणों ने संभालकर खाद दिलवाया। बावजूद इसके कई किसानों को शाम तक खाद नहीं मिल पाई। इसी दौरान रमेश अहारी की गोदाम पर महिला कर्मचारी लक्ष्मी देवी से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में युवक ने अपनी मोटरसाइकिल में आग लगा दी। ग्रामीणों की तत्परता से बाइक की आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना पाकर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। महिला कर्मचारी ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और बार-बार विवाद कर रहा था। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान क्षेत्र में तनाव था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रित हो गई।
