LOADING

Type to search

उदयपुर में 69वीं राष्ट्रीय एसजीएफआई हॉकी प्रतियोगिता का आगाज 12 जनवरी से

Local

उदयपुर में 69वीं राष्ट्रीय एसजीएफआई हॉकी प्रतियोगिता का आगाज 12 जनवरी से

Share

देशभर की 29 टीमें लेंगी हिस्सा, 6 दिन में होंगे 109 मुकाबले
उदयपुर, 9 जनवरी:
उदयपुर में 69वीं राष्ट्रीय एसजीएफआई हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष छात्र वर्ग) का आयोजन 12 से 17 जनवरी तक किया जाएगा। प्रतियोगिता की मेजबानी पीएमश्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा की जा रही है। यह राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट उदयपुर के खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल एवं मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह आसोलिया ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 29 टीमें भाग लेंगी। राजस्थान टीम में फतह स्कूल के तीन छात्र खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे जिले में उत्साह का माहौल है।
एमबी मैदान पर उद्घाटन, खेलगांव में समापन
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 12 जनवरी को सुबह 10 बजे एमबी मैदान पर होगा, जबकि समापन 17 जनवरी को अपराह्न 3 बजे खेलगांव में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा। छह दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान कुल 109 मुकाबले खेले जाएंगे।
चार मैदानों पर होंगे मुकाबले
प्रधानाचार्य गजेंद्र आवोत एवं प्रतियोगिता सचिव धर्मेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं और करीब 250 कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मैच एमबी मैदान, बीएन कॉलेज के दो मैदानों तथा खेलगांव में आयोजित होंगे। खिलाड़ियों के आवास एवं मैदान तक आने-जाने के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।
राजस्थान को पहली बार मिले 10 राष्ट्रीय टूर्नामेंट
राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. भैरू सिंह राठौड़ ने बताया कि राजस्थान को पहली बार 10 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। इनमें हॉकी उदयपुर, हैंडबॉल चित्तौड़गढ़, क्रिकेट चुरू, वॉलीबॉल जालौर सहित कई खेल शामिल हैं, जो राज्य में स्कूली खेलों की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *