विक्रम भट्ट की जमानत याचिका पर कल हाईकोर्ट में सुनवाई
Share
7 दिसंबर से दोनों उदयपुर की सेंट्रल जेल में बंद
उदयपुर, 13 जनवरी: 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में जेल में बंद फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेताम्बरी की जमानत अर्जी पर सुनवाई 15 जनवरी को राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर में होगी। यह जानकारी भट्ट के अधिवक्ता कमलेश दवे ने दी। उन्होंने बताया कि जमानत अर्जी में सभी कानूनी पहलुओं और तथ्यों को मजबूती से रखा गया है, जिस पर हाईकोर्ट में बहस होगी।
इससे पहले भट्ट द्वारा दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। न्यायमूर्ति समीर जैन ने सुनवाई में स्पष्ट किया था कि यह केवल कॉन्ट्रैक्ट उल्लंघन का मामला नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई धोखाधड़ी है, इसलिए पुलिस जांच जारी रहेगी।
विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट 7 दिसंबर से न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी जमानत अर्जी पहले दो बार खारिज हो चुकी है। मामला उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार फिल्मों के निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये लिए गए, लेकिन तय शर्तों के अनुसार फिल्में पूरी नहीं की गईं। चार फिल्मों के लिए 47 करोड़ तय थे, जबकि केवल दो फिल्में ही रिलीज़ हो पाईं। अब 15 जनवरी की सुनवाई पर भट्ट की संभावित रिहाई को लेकर सबकी निगाहें टिकी हैं।
