LOADING

Type to search

फर्जी बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Local

फर्जी बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Share

जयपुर से पकड़ा गया ठग, डूंगरपुर के शिक्षक से 3.47 लाख की ठगी का खुलासा
डूंगरपुर, 15 जनवरी:
डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले साइबर ठग को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने निजी लोन की राशि कम कराने के नाम पर डूंगरपुर के एक शिक्षक से 3 लाख 47 हजार 927 रुपये की ठगी की थी।
साइबर थाने के सीआई गिरधार सिंह ने बताया कि नेजपुर निवासी शिक्षक दिनेश चंद्र यादव ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित को पर्सनल लोन की आवश्यकता थी। 9 अक्टूबर को प्रियांशु शर्मा नामक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एक नामी निजी बैंक का अधिकारी बताया और लोन दिलाने का झांसा दिया। विश्वास में आकर शिक्षक ने अपने जरूरी दस्तावेज आरोपी को वॉट्सऐप पर भेज दिए।
आरोपी ने 21 लाख की जरूरत के बजाय 23 लाख 54 हजार 23 रुपये का लोन पास होने की बात कही। जब शिक्षक ने अतिरिक्त राशि कम कराने को कहा तो आरोपी ने प्रोसेस के नाम पर पैसे जमा कराने को कहा। झांसे में आकर पीड़ित ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में अलग-अलग किस्तों में 3.47 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर डेटा और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी दिनेश चंद्र शर्मा उर्फ प्रियांशु शर्मा को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितने लोगों को ठगा गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *