LOADING

Type to search

स्कूल नेशनल हॉकी में राजस्थान चैम्पियन, पहली बार स्वर्ण पदक का रचा कीर्तिमान

Local

स्कूल नेशनल हॉकी में राजस्थान चैम्पियन, पहली बार स्वर्ण पदक का रचा कीर्तिमान

Share

फाइनल में राजस्थान ने उड़ीसा को 3-2 से हराया
उड़ीसा को रजत व पंजाब को कांस्य पदक


उदयपुर, 17 जनवरी : एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजपोल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष छात्र) के फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए उड़ीसा को 3-2 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह राजस्थान का स्कूल नेशनल हॉकी में पहला स्वर्ण पदक है। उड़ीसा को रजत जबकि पंजाब को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
शनिवार सुबह 10.30 बजे खेलगांव स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले क्वार्टर तक स्कोर 0-0 रहा। दूसरे क्वार्टर में राजस्थान ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलते हुए बढ़त बनाई। इसके बाद एक और अवसर पर दूसरा गोल कर राजस्थान ने मध्यांतर से पहले 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
टीम के चीफ डे मिशन डॉ. गोविंद सिंह राठौड़ के अनुसार मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में राजस्थान ने तीसरा गोल दाग दिया। इस दौरान उड़ीसा को लगातार चार पेनल्टी कार्नर मिले, लेकिन राजस्थान के गोलकीपर के शानदार बचाव के चलते कोई भी मौका गोल में नहीं बदल सका। पांचवें पेनल्टी कार्नर पर उड़ीसा ने गोल कर स्कोर 3-1 किया। चौथे क्वार्टर में एक और पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलते हुए उड़ीसा ने स्कोर 3-2 कर दिया, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन अंतिम क्षणों में राजस्थान ने बढ़त बनाए रखते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इससे पूर्व कांस्य पदक मुकाबले में पंजाब ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से पराजित किया। राजस्थान टीम के प्रशिक्षक दिग्विजय सिंह राणावत ने खिलाड़ियों के अनुशासन और संयम को जीत का आधार बताया।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय डॉ. लोकेश भारतीय ने कहा कि पहली बार स्वर्ण पदक जीतने से पूरे राजस्थान में खुशी की लहर है। मैच समाप्ति के बाद दर्शक मैदान में उतर आए और खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, चीफ डे मिशन डॉ. गोविंद सिंह राठौड़, मैनेजर बलवंत चौधरी सहित आयोजक अधिकारियों को कंधों पर उठाकर जश्न मनाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद रहे। अध्यक्षता संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा एवं महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम प्रकोष्ठ के प्रमोद कुमार सुथार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. लोकेश भारतीय, लक्ष्मण सालवी, दुर्गेश मेनारिया, मोरध्वज व्यास, दिलीप सिंह राठौड़ और किशन चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी व पदक प्रदान किए। विजेता राजस्थान टीम को अखिल कर्मचारी महासंघ (भामसं) के अरविंद सिंह राव के नेतृत्व में 21 हजार और उपविजेता उड़ीसा टीम को वरिष्ठ शारीरिक शिक्षिका क्वीना मेरी की ओर 11 हजार रुपए की नकद राशि प्रदान की गई।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *