महिलाकर्मी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट के बाद खेरोदा पोस्टमास्टर को भेजा कोटड़ा
Share
डाक विभाग ने विभागीय कार्रवाई करते हुए जारी किए आदेश
उदयपुर, 17 जनवरी : जिले के खेरोदा स्थित पोस्ट ऑफिस में कार्यरत महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का मामला पुलिस थाने में दर्ज होने के बाद डाक विभाग ने कार्रवाई करते हुए खेरोदा पोस्ट मास्टर को तत्काल प्रभाव से वहां से हटाकर कोटड़ा डेपुटेशन पर भेज दिया। पोस्ट ऑफिस उदयपुर डिवीजन के वरिष्ठ सुप्रीडेंट ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए।
आदेशानुसार प्रकरण में जांच के चलते पोस्टमास्टर दिनेश शर्मा को अग्रिम आदेश तक कोटड़ा डेपुटेशन किया गया है। उल्लेखनीय है जिले के खेरोदा पोस्ट ऑफिस में काम करने वाली 21 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि पोस्ट मास्टर दिनेश शर्मा आए दिन उससे बदतमीजी करता है और 15 जनवरी को जब वह काम से ऑफिस में गई तो शर्मा ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती गले लगाने की कोशिश की। आरोप लगाया कि उसने ऐसा उसके साथ पहले भी बहुत बार कर चुका है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका काम 3-4 बजे तक पूरा हो जाता है फिर भी उसे देर तक बिठाए रखता है। आधी रात को फोन कर परेशान करता है। उसे मेंटली व फिजिकल टार्चर करता है। थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मांगीलाल ओड को सौंपी है।
