बानसेन बालाजी मंदिर का चोरी हुआ सोने का कलश स्वत: लौटा, लेकिन रहस्य बरकरार
Share
चार दिन बाद मकान के बाहर रख गए चोर, CCTV में दिखे दो संदिग्ध; मुख्य आरोपी अब भी फरार
चित्तौड़गढ़, 18 जनवरी: जिले के भदेसर क्षेत्र के बानसेन गांव स्थित श्री बालाजी मंदिर से चार दिन पहले चोरी हुआ सोने का कलश आखिरकार वापस मिल गया है। रविवार तड़के करीब 5:30 बजे मुख्य बाजार में एक मकान के बाहर कलश लावारिस हालत में रखा मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुपचाप इसे वहां रख दिया और मौके से फरार हो गया। कलश मिलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन चोरी का पूरा सच अब भी सवालों के घेरे में है।
चोरी के बाद से गांव में तनाव का माहौल था। लोग लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसी बीच सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक मकान से दो लोग बाहर निकलते हैं, कलश को बाहर रखते हैं और फिर वापस अंदर चले जाते हैं। बताया जा रहा है कि यह मकान मुकेश तेली का है। ग्रामीण प्रवीण लड्डा के अनुसार भदेसर पुलिस ने शनिवार रात मुकेश तेली के भाई धनराज तेली से पूछताछ की थी। इसके कुछ घंटों बाद ही रात करीब दो बजे यह गतिविधि कैमरे में कैद हुई।
गौर करने वाली बात यह है कि चोरी के समय सीसीटीवी में तीन आरोपी नजर आए थे, जबकि कलश लौटाते वक्त केवल दो लोग दिखे। इससे तीसरे आरोपी की भूमिका को लेकर संदेह और गहरा गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मुकेश तेली घटना के बाद से फरार है। उसकी पत्नी और नाबालिग बच्चों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह परिवार पहले भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
मंदिर चोरी के विरोध में ग्रामीणों ने दो दिन तक बाजार बंद रखा और चित्तौड़गढ़ पहुंचकर जिला कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपा। कलश की वापसी से खुशी जरूर है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक संतोष नहीं होगा। पुलिस जांच जारी है।
