उदयपुर में आईपीएल का रंग: टीमें लेंगी प्रशिक्षण, पंजाब किंग्स का कैंप जारी
Share
उदयपुर, 19 जनवरी: झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर खेल मानचित्र पर खास पहचान बना रही है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले विभिन्न आईपीएल टीमें उदयपुर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही हैं। इसी कड़ी में पंजाब किंग्स टीम का प्रशिक्षण कैंप इन दिनों उदयपुर के शिकारवाड़ी होटल स्थित ग्राउंड पर जारी है, जिससे शहर में क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पंजाब किंग्स के इस कैंप में खिलाड़ी फिटनेस, फील्डिंग और रणनीतिक अभ्यास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इंडियन क्रिकेट टीम में खेल चुके युजवेंद्र चहल और आईपीएल स्टार शशांक सिंह जैसे खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। टीम के कोचिंग स्टाफ की निगरानी में खिलाड़ी आधुनिक तकनीकों के साथ अभ्यास कर रहे हैं। पंजाब किंग्स का ट्रेनिंग कैंप 20 जनवरी तक चलेगा। माना जा रहा है कि उदयपुर का शांत वातावरण, बेहतर मौसम और उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं टीमों को यहां अभ्यास के लिए आकर्षित कर रही हैं।
खेल जानकारों के अनुसार आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले ऊंचाई और मौसम के संतुलन के कारण उदयपुर खिलाड़ियों की फिटनेस और स्टैमिना बढ़ाने के लिहाज से उपयुक्त स्थान माना जा रहा है। यही कारण है कि आने वाले दिनों में अन्य आईपीएल टीमें भी यहां प्रशिक्षण कैंप आयोजित कर सकती हैं। प्रशासन और खेल विभाग को उम्मीद है कि आईपीएल टीमों की मेजबानी से उदयपुर भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों का भी केंद्र बन सकता है।
