चित्तौड़गढ़ जिले में वार्डों की संख्या बढ़ी
Share
जिला परिषद में सबसे बड़ा बदलाव, 25 से बढ़कर 35 वार्ड
चित्तौड़गढ़, 20 जनवरी: चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायत राज व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनसंख्या के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्डों का पुनर्गठन व पुनर्सीमांकन पूरा कर लिया गया है। नई व्यवस्था में जिलेभर में वार्डों की संख्या 198 से बढ़कर 224 हो गई है। यानी कुल 26 नए वार्ड जोड़े गए हैं। इस बदलाव का सीधा असर आगामी पंचायत राज चुनावों, प्रशासनिक कामकाज और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व पर पड़ेगा।
जिला परिषद में सबसे बड़ा बदलाव
इस पुनर्गठन में सबसे बड़ा परिवर्तन जिला परिषद चित्तौड़गढ़ में हुआ है। पहले जहां जिला परिषद में 25 वार्ड थे, अब इनकी संख्या 35 कर दी गई है। यानी यहां 10 नए वार्ड बनाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले की आबादी लगातार बढ़ रही थी, जिससे कई वार्ड अत्यधिक बड़े हो गए थे। इससे जनप्रतिनिधियों पर काम का बोझ बढ़ रहा था और आम लोगों की समस्याएं समय पर नहीं पहुंच पा रही थीं। नए वार्ड बनने से अब जनसंख्या का संतुलन बेहतर होगा और प्रतिनिधित्व मजबूत होगा।
क्यों जरूरी हुआ पुनर्गठन
पहले अधिकांश पंचायत समितियों में 15-15 वार्ड ही थे। समय के साथ कई क्षेत्रों में जनसंख्या काफी बढ़ गई, लेकिन वार्डों की संख्या वही रही। इससे कहीं वार्ड बहुत बड़े हो गए तो कहीं छोटे रह गए। इस असंतुलन को दूर करने और हर क्षेत्र को समान प्रतिनिधित्व देने के लिए सरकार ने वार्डों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया।
सरकारी आदेश और पूरी प्रक्रिया
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशों के तहत यह प्रक्रिया शुरू हुई। 30 अक्टूबर 2019 को जारी आदेश के तहत जिला कलेक्टरों को वार्ड पुनर्गठन का अधिकार दिया गया। इसके बाद 17 दिसंबर 2025 को सभी जिलों को पुनर्सीमांकन के प्रस्ताव तैयार कर अंतिम प्रकाशन के निर्देश दिए गए। चित्तौड़गढ़ जिला प्रशासन ने 30 दिसंबर को प्रारूप वार्ड सूची प्रकाशित की और आम जनता से सुझाव व आपत्तियां मांगी गईं। 5 जनवरी तक आपत्तियां स्वीकार की गईं।
आपत्तियों के बाद अंतिम सूची
मिली आपत्तियों की गहन जांच कर, जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और नियमों को ध्यान में रखते हुए उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद अंतिम वार्ड सूची तैयार की गई।
कलेक्टर ने किया अंतिम प्रकाशन
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जिला परिषद और पंचायत समितियों की अंतिम वार्ड सूची प्रकाशित कर दी है। अब जिले में पंचायत राज से जुड़े सभी चुनाव और प्रशासनिक कार्य इसी नई वार्ड व्यवस्था के अनुसार होंगे।
पंचायत समितियों में भी बढ़ी संख्या
जिला परिषद के साथ-साथ पंचायत समितियों के वार्डों में भी बदलाव किया गया है।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति: 21 से बढ़कर 29 वार्ड
निंबाहेड़ा पंचायत समिति: 17 से बढ़कर 23 वार्ड
बड़ीसादड़ी, डूंगला, बेगूं और गंगरार: 17-17 वार्ड
भदेसर और कपासन: 19-19 वार्ड
भूपालसागर, भैंसरोडगढ़ और राशमी: 15-15 वार्ड (यहां कोई बढ़ोतरी नहीं)
