LOADING

Type to search

राजसमंद कलेक्टर अरुण हसीजा को राज्यपाल करेंगे सम्मानित

Local

राजसमंद कलेक्टर अरुण हसीजा को राज्यपाल करेंगे सम्मानित

Share

SIR-2026 में उत्कृष्ट कार्य पर 25 जनवरी को जयपुर में मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
राजसमंद, 20 जनवरी:
राजसमंद जिले के कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को एसआईआर-2026 (Special Intensive Revision) के तहत निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे स्वयं कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को सम्मानित करेंगे। निर्वाचन आयोग और राज्य प्रशासन की ओर से यह सम्मान उन जिलों और अधिकारियों को दिया जाता है, जिन्होंने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों।
निर्वाचन कार्यों में राजसमंद रहा अव्वल
कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में राजसमंद जिला निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक अभियान और योजना में राज्य स्तर पर अग्रणी रहा है। जिले ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीयन और मतदाता जागरूकता अभियानों में बेहतरीन कार्य किया। विशेष रूप से एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और पात्र मतदाताओं को जोड़ने में जिले ने उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए हैं।
पूरी टीम को समर्पित किया सम्मान
सम्मान की घोषणा पर कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए पूरी टीम को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राजसमंद जिले के सभी बीएलओ, पर्यवेक्षक, प्रभारी अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, सूचना सहायक, प्रोग्रामर तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर जिस समर्पण और निष्ठा से काम किया, उसी की बदौलत राजसमंद जिला यह उपलब्धि हासिल कर सका।
जिले के लिए गर्व का विषय
राजसमंद जिले के लिए यह सम्मान गौरव का विषय माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर इसे न केवल अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है, बल्कि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए भी प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *