FIR दर्ज नहीं करने की एवज में 1.50 लाख की रिश्वत ली, हेड कॉन्स्टेबल व कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
Share
डूंगरपुर में एसीबी का एक्शन
डूंगरपुर, 29 जनवरी: डूंगरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर एक गंभीर मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने के बदले 1.50 लाख रुपए की घूस लेने का आरोप है। हालांकि, ट्रैप के दौरान रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो सकी है, जिसे लेकर एसीबी की जांच जारी है।
एसीबी डूंगरपुर के डीएसपी रतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि दोवड़ा थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार को बुधवार देर रात गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी रिश्वत लेने के बाद कार से फरार हो गए थे, जिन्हें पुनाली के आगे आसपुर रोड स्थित एक होटल के पास से दबोच लिया गया।
18 जनवरी को दी गई थी शिकायत
मामले की शुरुआत 18 जनवरी को हुई, जब एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, लोकेट/लोकेन्टो ऐप के जरिए ठगी के एक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने के बदले पुलिसकर्मियों ने उससे रिश्वत की मांग की थी।
रास्ते में धमकाकर मांगी रिश्वत
परिवादी ने बताया कि वह नयागांव स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़ा था, तभी दोवड़ा थाने की पुलिस गाड़ी वहां आकर रुकी। पुलिसकर्मी ने नाम पूछकर उसका मोबाइल ले लिया और मोबाइल में ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर थाने की ओर ले गए। रास्ते में कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार ने अपना नाम बताते हुए मुकदमा दर्ज होने, जमानत नहीं मिलने और जीवन बर्बाद होने की धमकी दी। बाद में उसे बागदरी के पास उतारकर संपर्क में रहने को कहा गया।
पहले 2 लाख, फिर 1.50 लाख में सौदा तय
परिवादी के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने पहले 2 लाख रुपए की मांग की। 20 से 24 जनवरी के बीच कई बार बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 1.50 लाख रुपए तय हुई। एसीबी ने 28 जनवरी को सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
कार में रखवाकर ले गए रिश्वत, फिर फरार
ट्रैप के दौरान परिवादी को डेढ़ लाख रुपए देकर भेजा गया। दोनों आरोपियों ने परिवादी को कार में बैठाकर फलोज तिराहे तक ले जाकर कार के डैशबोर्ड पर रकम रखवाई और फिर उसे उतारकर फरार हो गए। बाद में एसीबी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल रिश्वत की राशि बरामद नहीं हुई है और एसीबी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
