कांग्रेस का गैंती-फावड़ा लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन
Share
मनरेगा खत्म करने के आरोप में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
udr dpr cong 310126-a
डूंगरपुर, 31 जनवरी : मनरेगा योजना को समाप्त करने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गैंती, फावड़ा और तगारी हाथों में लेकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वीबीजी रामजी योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और पदाधिकारी कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एकत्रित हुए। इसके बाद विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा के नेतृत्व में रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में पूर्व उपजिला प्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार, राकेश रोत, कैलाश सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोघरा ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को धीरे-धीरे खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, पिछड़े और दलित विरोधी नीतियां अपना रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवार मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं, लेकिन सरकार उनके रोजगार के अधिकार को छीन रही है।
घोघरा ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलकर योजना को समाप्त किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार के समय जहां 150 दिन का रोजगार मिलता था, उसे घटाकर 125 दिन कर दिया गया है। हालात यह हैं कि कई मजदूरों को 50 दिन का रोजगार भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब गांव और कार्य स्थल के आधार पर ही कामों की स्वीकृति दी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरों, मेट और कारीगरों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। पेंशन योजनाएं बंद की जा रही हैं और नए कार्यों की स्वीकृति नहीं मिल रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विधायक घोघरा ने प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि कलेक्टर और सीईओ द्वारा शीघ्र ही कामों की स्वीकृति जारी नहीं की गई और लोगों को रोजगार नहीं मिला, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने मनरेगा योजना के तहत तत्काल रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।
