महिला की आवाज में लोगों को फंसाता था, फर्जी फेसबुक आईडी से 50 लाख की ठगी
Share
डूंगरपुर, 1 फरवरी: डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को जाल में फंसाता था और महिला की आवाज में बातचीत कर लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को बाड़मेर से गिरफ्तार किया है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘आरती मीणा’ नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। संपर्क बढ़ने के बाद वह खुद को युवती बताकर अश्लील और भावनात्मक बातचीत करता और फिर विभिन्न बहानों से पीड़ितों से रुपए ऐंठ लेता था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने एक ही पीड़ित से 23.50 लाख रुपए की ठगी की थी। इसके अलावा अन्य मामलों को मिलाकर वह अब तक करीब 50 लाख रुपए की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल देव मेघवाल उर्फ बाबू मेघवाल (37), निवासी आंबेडकर कॉलोनी, थाना कोतवाली, बाड़मेर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम से ऐशो-आराम करता था। वह नशीले पदार्थों का सेवन करता था और ठगी के पैसों से एक कार भी खरीदी थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
