जमीन विवाद बना खूनी: भतीजे ने परिजनों संग चाचा को पीट-पीटकर मार डाला
Share
उदयपुर, 29 मार्च: संभाग के डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवला फला मूंगाना गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भतीजे और उसके परिजनों ने मिलकर चाचा की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक गटू और उसके भतीजे रमेश के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को विवादित जमीन पर खड़े एक पेड़ की कटाई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गटू पर हमला कर दिया। लाठियों और डंडों से की गई पिटाई में गटू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते यह हत्या हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
