टूर गाइड प्रशिक्षण पायलट योजना में प्रशिक्षित होंगे 10 हजार गाइड
Share
केंद्रीय मंत्री बोले—पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की पहल
उदयपुर, 4 अप्रैल: टूर गाइड प्रशिक्षण पायलट योजना के तहत वर्ष 2026 में देश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10 हजार गाइडों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के प्रश्न के उत्तर में दी।
उन्होंने बताया कि यह 12 सप्ताह का संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जो शैक्षणिक और फील्ड अनुभव पर आधारित रहेगा तथा एनएसक्यूएफ और एनसीआरएफ से संबद्ध होगा। कार्यक्रम का संचालन भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान, भारतीय प्रबंधन संस्थान और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण सहित अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा।
‘चलो इंडिया’ से मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने बताया कि ‘चलो इंडिया’ अभियान के जरिए प्रवासी भारतीयों को भारत यात्रा के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।
पर्यटन शिक्षा पर भी जोर
सरकार ने राष्ट्रीय होटल प्रबंधन परिषद को उन्नत कर राष्ट्रीय आतिथ्य संस्थान बनाने की घोषणा की है। साथ ही, छात्रों को पर्यटन क्षेत्र में अवसरों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
