कुएं में मिला लापता व्यक्ति का शव, सायरा में सनसनी
Share
सिंचाई के दौरान पैर फिसलने से हादसे की आशंका, दो दिन बाद मिला शव
उदयपुर, 4 अप्रैल: जिले के सायरा क्षेत्र में एक लापता व्यक्ति का शव खुले कुएं में तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रूपा राम (54) पुत्र नंदा गमेती के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले खेत पर सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बाद शनिवार को खेत के पास स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं में उनका शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रूपा राम खेत में पाइप डालते समय संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गए होंगे। कुएं के चारों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
