‘8 बच्चों की मौत के बाद भी नहीं मिला मुआवजा’: कांग्रेस नेता रघुवीर मीणा का प्रशासन पर निशाना
Share
खराब सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को बताया मौतों का बड़ा कारण
सलूंबर/उदयपुर, 11 अप्रैल: सलूंबर जिले में रहस्यमयी बीमारी से हुई 8 बच्चों की मौत के बाद उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों की स्थिति बेहतर होती तो बीमार बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और उनकी जान बचाई जा सकती थी।
प्रभावित गांवों का दौरा, परिजनों को दी सांत्वना
मीणा ने लसाड़िया क्षेत्र के घाटा, लालपुरा सहित आसपास के गांवों का दौरा कर मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालात चिंताजनक हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक टीमें दौरे कर रही हैं, लेकिन न पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं और न ही जांच की समुचित व्यवस्था है। करीब एक दर्जन बच्चे अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं, लेकिन व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं।
मुआवजा नहीं मिलने पर नाराजगी
मीणा ने कहा कि मृत बच्चों के परिवारों को अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के दौरे के दौरान केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
सरकार से की ये मांगें
उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों से अंधविश्वास से दूर रहकर सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने की अपील की।
