उदयपुर में सुरों से सजी संगीतमय श्रद्धांजलि, आशा भोंसले को बच्चों ने दी भावभीनी विदाई
Share
उदयपुर, 13 अप्रैल: शहर के भूपालपुरा स्थित संगीत नाट्य निकेतन परिसर में एक भावुक और संगीतमय माहौल देखने को मिला, जहां श्रुति द स्कूल ऑफ़ म्यूजिक के नन्हे कलाकारों ने बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोंसले को सुरों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने मधुर स्वरों से उनके लोकप्रिय गीतों को प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात संगीतकार और गुरु पंडित नरेन्द्र कुमार ब्यावत ने की। इस अवसर पर स्कूल की निर्देशक शिखा बहल ने बताया कि बच्चों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया और अपनी प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में खुश दशोरा ने “हम लाख छुपाये प्यार मगर…”, लेखन ने “ये रातें ये मौसम…”, शोभा देवपुरा ने “अगर हम ये पूछे…”, धरा ब्यावत ने “तू तू है वही दिल ने जिसे कहा…”, ऋतंभरा ने “जाने जा ढूंढता फिर रहा हूँ…”, हरीश बहादुर सिंह ने “चुरा लिया है तुमने…” और तितिक्षा आर्य ने “अभी ना जाओ छोड़कर…” जैसे सदाबहार गीतों को प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि दी।
इस संगीतमय आयोजन ने न केवल आशा भोंसले के अमर गीतों की याद ताजा की, बल्कि नई पीढ़ी में संगीत के प्रति लगाव और सम्मान को भी दर्शाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सराहना दी गई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
