LOADING

Type to search

एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Local

एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Share

ऑपरेशन साइबर हंट के तहत कार्रवाई, 12 मोबाइल और 17 फर्जी सिम बरामद
डूंगरपुर, 14 अप्रैल
: जिले में चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन साइबर हंट के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन और 17 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दे चुका है।
घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में सागवाड़ा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने भासोर-बनकोड़ा रोड स्थित एक तालाब के पास दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में 6 युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार आरोपी WhatsApp, Telegram, Instagram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद अश्लील फोटो भेजकर एस्कॉर्ट सर्विस देने का झांसा देते और एडवांस पेमेंट के नाम पर फर्जी खातों में रकम डलवा लेते थे।
फर्जी वेबसाइटों पर देते थे विज्ञापन
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी Locanto सहित कई वेबसाइटों पर फर्जी विज्ञापन डालते थे और देशभर के लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई राज्यों में ठगी कर चुका है।
117 ठग अब तक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 21 प्रकरण दर्ज कर 117 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही 165 मोबाइल, 280 सिम कार्ड और 18 डेबिट कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर या कॉल पर भरोसा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *