LOADING

Type to search

बॉयफ्रेंड डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में एएनएम ने की आत्महत्या

Local

बॉयफ्रेंड डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में एएनएम ने की आत्महत्या

Share

प्रेम प्रसंग में तनाव बना वजह, शव सीढ़ियों पर छोड़ डॉक्टर हुआ फरार; पुलिस ने हिरासत में लिया
उदयपुर, 16 अप्रैल:
उदयपुर जिले के कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ने अपने प्रेमी डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद डॉक्टर शव को पंखे से उतारकर क्वार्टर की सीढ़ियों पर रखकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी डॉक्टर को चित्तौड़गढ़ जिले से हिरासत में लिया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
चार दिन से डॉक्टर के क्वार्टर में रह रही थी एएनएम
पुलिस के अनुसार एएनएम अनीता मीणा (30) पिछले चार दिनों से कानोड़ सीएचसी में कार्यरत डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया के सरकारी क्वार्टर में रह रही थी। बुधवार देर रात उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के बाद डॉक्टर ने शव को नीचे उतारा और क्वार्टर की सीढ़ियों पर रख दिया। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी और मौके से फरार हो गया।
शादी के बाद बढ़ा विवाद
कानोड़ थाना अधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया और अनीता मीणा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। अनीता डॉक्टर पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन दिसंबर में डॉक्टर की शादी किसी और से हो गई। इसके बाद से अनीता नाराज थी और दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। प्रारंभिक जांच में यही तनाव आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।
नाकाबंदी कर डॉक्टर को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टर अस्पताल और क्वार्टर से गायब मिला। जबकि बुधवार रात उसकी ड्यूटी भी थी। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और देर रात करीब एक बजे चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र से डॉक्टर को हिरासत में लिया।
करीब पोस्टिंग से बढ़ी नजदीकियां
जानकारी के अनुसार सीकर जिले के श्रीमाधोपुर निवासी डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया कानोड़ सीएचसी में तैनात है, जबकि अनीता मीणा राजपुरा सीएचसी में पदस्थ थी, जो कानोड़ से महज चार किलोमीटर दूर है। मीटिंग और ड्यूटी के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *