शिल्पग्राम में 23 अप्रैल से वेस्ट टू वेल्थ कार्यशाला
Share
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सात दिवसीय पेपरमैशी प्रशिक्षण आयोजित होगा
उदयपुर, 17 अप्रैल: पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (डब्ल्यूजेडसीसी), उदयपुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सात दिवसीय वेस्ट टू वेल्थ (पेपरमैशी) कार्यशाला का आयोजन 23 अप्रैल से शिल्पग्राम परिसर में किया जाएगा। कार्यशाला 29 अप्रैल तक चलेगी।
केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि 16 से 30 अप्रैल तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य अनुपयोगी कागज को रचनात्मक कला के माध्यम से उपयोगी वस्तुओं में बदलने की कला सिखाना है।
कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को पेपरमैशी कला की बारीकियां सिखाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 21 अप्रैल की शाम तक अपना पंजीकरण ईमेल fineartwzcc@gmail.com पर करवा सकते हैं। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कचरे से उपयोगी वस्तुएं बनाने की कला को प्रोत्साहित किया जाएगा।
