बाल विवाह मुक्त उदयपुर अभियान का आगाज
Share
सूचना देने वाले को 1100 रुपए पुरस्कार, पहचान पूरी तरह गोपनीय रहेगी
उदयपुर, 17 अप्रैल: अक्षय तृतीया और पीपल पूर्णिमा जैसे अबूझ सावों पर संभावित बाल विवाहों की रोकथाम के लिए बाल विवाह मुक्त उदयपुर अभियान की शुरुआत कर दी गई है। जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग, गायत्री सेवा संस्थान और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलाइंस, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में एक माह तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को राजकीय किशोर गृह सभागार में पोस्टर विमोचन के साथ हुआ।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर कानूनी अपराध है और इसकी रोकथाम के लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उपनिदेशक बाल अधिकारिता विभाग के.के. चंद्रवंशी ने बताया कि प्रशासन अभियान को सफल बनाने के लिए अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। विवाह से जुड़े हलवाई, बैंड, फोटोग्राफर जैसे विभिन्न पक्षों को भी कानून की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
गायत्री सेवा संस्थान के समन्वयक नितिन पालीवाल ने बताया कि बाल विवाह की सूचना देने के लिए 8239999288 हेल्पलाइन शुरू की गई है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना सही पाए जाने पर 1100 रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। बैठक में विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
