आठवें वेतन आयोग में 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग
Share
राजस्थान पेंशनर समाज ने वेतन आयोग को भेजा ज्ञापन, न्यूनतम पेंशन ₹33,900 करने का प्रस्ताव
उदयपुर, 19 अप्रैल: राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा उदयपुर ने आठवें वेतन आयोग में केंद्रीय एवं राज्य सरकारी कर्मचारियों तथा पेंशनरों के लिए 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग उठाई है। जिला शाखा अध्यक्ष भंवर सेठ ने बताया कि इस संबंध में वेतन आयोग को ज्ञापन भेजा गया है, जिसमें सातवें वेतन आयोग के 2.57 फिटमेंट फैक्टर की जगह नया फैक्टर निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इस प्रस्ताव पर विचार के लिए लेखा सेवा के अधिकारियों संतोष जैन, प्रकाश सनेचा और कन्हैयालाल पारीक की समिति के साथ विस्तृत चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद निष्कर्ष निकाला गया कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों, महंगाई और परिवार की जरूरतों को देखते हुए 3.833 फिटमेंट फैक्टर न्यायसंगत है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व में परिवार की इकाई तीन सदस्यों के आधार पर मानी जाती थी, जबकि अब इसे पति-पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता और दो बच्चों सहित पांच सदस्यों के आधार पर मानना उचित होगा। इसके साथ ही वर्तमान महंगाई भत्ते को भी वास्तविक स्थिति से कम बताया गया है।
भंवर सेठ ने कहा कि वर्तमान में महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत दिया जा रहा है, जबकि यह 74 प्रतिशत होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का बेस ईयर बदलने तथा खाद्य सामग्री व पेय पदार्थों के भारांश में 9.11 प्रतिशत कमी किए जाने से महंगाई भत्ते को कृत्रिम रूप से कम रखा गया है।
समिति ने यह भी बताया कि पिछले दस वर्षों में औसत मुद्रास्फीति दर 5.63 प्रतिशत रही है, जो कुल मिलाकर 56.3 प्रतिशत होती है। इन सभी आधारों को ध्यान में रखते हुए 3.833 फिटमेंट फैक्टर प्रस्तावित किया गया है।
ज्ञापन में इसी आधार पर न्यूनतम पेंशन ₹8,850 से बढ़ाकर ₹33,900 करने की मांग की गई है, ताकि पेंशनरों को महंगाई के अनुरूप राहत मिल सके।
