घासा में पैंथर की दस्तक से दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
Share
रिहायशी इलाकों में लगातार मूवमेंट से ग्रामीण सहमे, मवेशियों पर हमले का खतरा बढ़ा
घासा, 19 अप्रैल: मावली उपखंड की ग्राम पंचायत घासा और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते कुछ दिनों से तेंदुआ रिहायशी इलाकों में घूमता दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों की नींद उड़ी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम शनिवार देर शाम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार तेंदुए को पहली बार बुधवार रात गांव के मुख्य बस स्टैंड के पास काली खान और पुराने पंचायत भवन के निकट देखा गया था। इसके बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं।
शनिवार रात घासा के समीप पुरावतों का खेड़ा क्षेत्र में भी तेंदुए की मौजूदगी देखी गई। वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने तेंदुए का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि तेंदुआ एक से अधिक क्षेत्रों में घूम रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियां अब आबादी के बेहद करीब तक पहुंच चुकी हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं पशुपालकों को मवेशियों पर हमले का डर सता रहा है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोग रात में अकेले बाहर न निकलें और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग क्षेत्र में गश्त बढ़ाए ताकि लोगों में फैले भय को कम किया जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
