बच्चे की मौत पर थाने के बाहर प्रदर्शन
Share
हत्या का मामला दर्ज करने और स्कूल संचालक की गिरफ्तारी की मांग
उदयपुर, 21 अप्रैल: उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में स्कूल परिसर में पोल गिरने से बच्चे की मौत के बाद मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सर्व सामाजिक संगठन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग गोवर्धन विलास थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल संचालक की गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सोमवार को सेंट एंथोनी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र 8 वर्षीय महर्थ राजसिंह की हैंडबॉल पोल गिरने से मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण ने बताया कि पहले दिन परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन मंगलवार को एक नई रिपोर्ट दी गई है, जिसमें हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। एहतियात के तौर पर आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाया गया।
संगठन के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। घटना ने शहर में निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
