महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन 25 अप्रैल को
Share
उदयपुर में पैदल मार्च और पुतला दहन की तैयारी, महिला विरोधी मानसिकता का आरोप
उदयपुर, 23 अप्रैल: महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों के विरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ जनआक्रोश प्रदर्शन का ऐलान किया है। भाजपा शहर जिला उदयपुर की बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 अप्रैल को सुबह 9 बजे टाउन हॉल से नगर निगम प्रांगण तक पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया जाएगा। जिला प्रवक्ता डॉ सीमा चम्पावत ने बताया कि बैठक में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयकों को रोककर नारी शक्ति के अधिकारों का अपमान किया है।
जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक पहल की, लेकिन कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताते हुए कहा कि देश की महिलाएं इसका जवाब देंगी।
बैठक में वरिष्ठ नेता प्रमोद सामर ने कहा कि वर्तमान जनसंख्या और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए राजनीति में आरक्षण जरूरी है। भाजपा ने जिला उपाध्यक्ष हंसा माली को कार्यक्रम संयोजक और किरण तातेड को सह संयोजक बनाया है। बैठक में महिला मोर्चा और चारों मंडलों के पदाधिकारियों को अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
