विश्व मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्यकर्मियों ने ली मलेरिया उन्मूलन की शपथ
Share
उदयपुर, 25 अप्रैल: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर उदयपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए चिकित्सा संस्थानों पर स्वास्थ्यकर्मियों को मलेरिया उन्मूलन की शपथ दिलाई। विभिन्न क्षेत्रों में रैलियां, जनजागरूकता गतिविधियां और एंटी मलेरियल उपायों के जरिए लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। सीएमएचओ द्वितीय डॉ. ओ.पी. रायपुरिया ने कहा कि सभी संस्थानों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्यकर्मियों को मलेरिया रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।
शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने यूपीएचसी धानमंडी में आयोजित कार्यक्रम में सेक्टर स्टाफ को एंटी लार्वल, एंटी एडल्ट सोर्स रिडक्शन तथा आईईसी गतिविधियों की जानकारी दी गई। जिला स्तर से डॉ. सत्यनारायण वैष्णव और जिला जन स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दाड़म दास ने आशा कार्यकर्ताओं को मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया।
इसी क्रम में शहर के हाई रिस्क क्षेत्रों मल्लातलाई, सिलावटवाड़ी और गांधीनगर में जगदीश चौक शहरी पीएचसी के चिकित्साधिकारी प्रभारी डॉ. भूपेंद्र शर्मा के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई।
30 तक जिलेभर में चलेगा विशेष सर्वे और एंटी लार्वल अभियान
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि 25 से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर सोर्स रिडक्शन और एंटी लार्वल गतिविधियां कराई जाएंगी। ओपीडी में आने वाले बुखार के मरीजों की मलेरिया जांच होगी, जबकि एएनएम और आशा कार्यकर्ता घर-घर सर्वे कर रक्त स्लाइड बनाकर जांच सुनिश्चित करेंगी।
