LOADING

Type to search

भीषण गर्मी का असर, स्कूलों और श्रमिकों के समय में बदलाव

Local

भीषण गर्मी का असर, स्कूलों और श्रमिकों के समय में बदलाव

Share

उदयपुर-राजसमंद में दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा, प्रशासन ने राहत के लिए बदली व्यवस्थाएं
उदयपुर, 25 अप्रैल:
उदयपुर सहित आसपास के जिलों में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के कारण बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों और श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव कर राहत देने के कदम उठाए हैं। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगी हैं, जबकि गर्मी से राहत पाने के लिए युवा और बच्चे झीलों की ओर रुख कर रहे हैं।
उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और राजसमंद जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया है। वहीं निजी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी। चित्तौड़गढ़ जिले में भी तीन दिन पहले स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जा चुका है।
श्रमिकों का समय सुबह छह से दो बजे तक
इसके अलावा, बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत श्रमिकों का समय भी बदला गया है। अब श्रमिक सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्य करेंगे तथा सुबह 10 से 11 बजे तक एक घंटे का लंच ब्रेक दिया जाएगा, ताकि श्रमिक तेज गर्मी से राहत पा सकें।
दोपहर होते-होते उदयपुर और राजसमंद के प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरने लगा है। दोपहिया वाहन चालक गमछा, टोपी और चश्मे का सहारा लेते नजर आए, जबकि पैदल राहगीर छांव तलाशते दिखे। कई स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे और युवा झीलों में स्नान करते देखे गए। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बदले हुए समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *