सुरों की मंडली ने रचा इतिहास, 225 महिलाओं ने 4 घंटे रिले सिंगिंग कर बनाया रिकॉर्ड
Share
उदयपुर, 27 अप्रैल: झीलों की नगरी की प्रतिष्ठित संगीत संस्था ‘सुरों की मंडली’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया इतिहास रचते हुए इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। संस्था की महिला विंग ने 225 महिलाओं के साथ लगातार चार घंटे तक रिले सिंगिंग प्रस्तुति देकर यह अनूठी उपलब्धि हासिल की।
संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने इसे उदयपुर और राजस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि संस्था लंबे समय से महिलाओं को संगीत के माध्यम से मंच प्रदान कर रही है और यह सफलता उनकी मेहनत व समर्पण का परिणाम है।
संस्कृति और प्रतिभा का वैश्विक सम्मान
महिला विंग संयोजिका मधु केवलिया ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि उदयपुर की सांस्कृतिक पहचान और महिलाओं की प्रतिभा का वैश्विक सम्मान है। यह आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगी।
तैयारियों का दिखा परिणाम
सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि इस रिकॉर्ड के लिए लंबे समय से अभ्यास किया जा रहा था। कोषाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने आयोजन में महिलाओं की एकजुटता और टीम भावना को सराहा।
यह रिकॉर्ड 31 मार्च 2026 को आयोजित विशेष कार्यक्रम में बनाया गया। इस उपलब्धि में मधु केवलिया, मोना कारवा, दिव्या सारस्वत, अस्मा बेगम, नीलम कौशल, नीलम पटवा, रंजना भाटी, निशा राठौर, हेमा जोशी, ज्योत्सना झाला और मधु शर्मा सहित कई महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
