LOADING

Type to search

वल्लभनगर के जंगल में भीषण आग, रेलवे स्टेशन तक पहुंचा खतरा

Local

वल्लभनगर के जंगल में भीषण आग, रेलवे स्टेशन तक पहुंचा खतरा

Share

तेज हवा से 8 बीघा जंगल जलकर राख, ग्रामीणों और दमकल की मदद से पाया गया काबू
उदयपुर, 30 अप्रैल:
उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर काली पहाड़ी के जंगल में लगी भीषण आग ने कुछ ही घंटों में विकराल रूप ले लिया। तेज गर्म हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और करीब 8 बीघा जंगल इसकी चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से बढ़ी कि हजारों पेड़-पौधे जलकर राख हो गए और धुएं का काला गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। हालात तब और गंभीर हो गए जब आग वल्लभनगर रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ते हुए महज 300 मीटर की दूरी तक पहुंच गई। इससे स्टेशन क्षेत्र और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुई आग ने तेज हवा के चलते कुछ ही देर में बड़ा क्षेत्र घेर लिया। वल्लभनगर-मावली मार्ग तक आग फैलने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। रेलवे स्टेशन चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, क्योंकि लपटें तेजी से स्टेशन की ओर बढ़ रही थीं। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, शाम तक आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन के पहुंचने से पहले ही आग बुझाने में जुट गए। बाल्टियों से पानी डालकर और गीली झाड़ियों की मदद से आग रोकने का प्रयास किया गया। बाद में पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और शाम करीब 6:20 बजे आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। इस आग से जंगल की वनस्पति को भारी नुकसान पहुंचा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *