समाज के काम डंके की चोट पर करवाएंगे, नेजपुर के किसानों को न्याय दिलाने का संकल्प : जोगाराम पटेल
Share
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में जुटा पटेल समाज, एकता और विकास पर जोर
डूंगरपुर, 3 मई: नेजपुर में आयोजित श्री सोमनाथ महादेव एवं हनुमान जी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान पटेल समाज की विशाल सभा में राजस्थान के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने समाज और किसानों के मुद्दों पर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वे पटेल समाज के बेटे हैं और समाज जो जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही नेजपुर के किसानों को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित होने की बात कही।
कार्यक्रम में मंत्री पटेल ने कहा कि समाज के काम अब मजबूती से और “डंके की चोट पर” करवाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा, कृषि और सामाजिक एकता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए सभी को मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सभा में पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी और मावली विधायक पुष्कर डांगी ने भी संबोधित किया। डॉ. चौधरी ने युवाओं को आगे लाने और समाज को एकजुट करने पर जोर दिया, जबकि डांगी ने समाज की मांगों के लिए संघर्ष का भरोसा दिलाया।
महोत्सव के तहत सुबह पूजन-हवन, मूर्ति स्थापना और पूर्णाहुति के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। बड़ी संख्या में समाजजन, पंच-पाटीदार और ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
