खेत में मिला सरकारी शिक्षक का शव, हत्या की आशंका पर परिजनों का धरना
Share
सिर के पीछे चोट के निशान, डॉग स्क्वॉड बुलाने की मांग; पुलिस जांच जारी
बांसवाड़ा, 3 मई: जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के मांदलदा गांव में एक सरकारी शिक्षक का शव उनके ही खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मौके पर ही धरना शुरू कर दिया है। परिजन डॉग स्क्वॉड बुलाने और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
मृतक डूंगरलाल (58) शनिवार शाम पितृदेव की पूजा के लिए खेत पर गए थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन सुबह ग्रामीणों ने खेत की मेढ़ के पास उनका शव पड़ा देखा।
मौके से पूजा सामग्री बरामद, पुलिस ने जताई अलग आशंका
शव के पास पूजा सामग्री, फूल-माला, नारियल और पानी की बोतल मिली है। मृतक के सिर के पीछे पत्थर से चोट का निशान पाया गया है, जिससे संदेह और गहरा गया है। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, संभवतः गिरने से चोट लगी हो। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। परिजन 9 घंटे से अधिक समय से खेत में टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन समझाइश का प्रयास कर रहा है।
