पूर्व विधायक की कार को क्रेन ने मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
Share
सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से मारी टक्कर, घायल होने के बाद भी कार्यक्रम में पहुंचे
चित्तौड़गढ़, 3 मई: जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बड़ी सादड़ी के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी की कार को एक क्रेन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ जब चौधरी एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आसींद जा रहे थे।
रास्ते में रुके थे, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार चौधरी सुबह करीब 9 बजे अपने निवास से रवाना हुए थे। रास्ते में भदेसर के पास उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और थोड़ी देर के लिए रुके। इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रेन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
घुटने में चोट, फिर भी नहीं रुके
हादसे में चौधरी के घुटने में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी, लेकिन उन्होंने अपने कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय लिया और रवाना हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
