उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ATS-पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Share
उदयपुर, 4 मई : जिला एवं सत्र न्यायालय को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए मिली इस सूचना के बाद पुलिस, एटीएस और प्रशासनिक टीमें तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया था।
सुबह करीब 8:30 बजे धमकी की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई। उस समय कोर्ट की कार्यवाही शुरू होने वाली थी और बड़ी संख्या में वकील व पक्षकार परिसर में पहुंच रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए सभी को बाहर निकालकर इलाके को घेर लिया गया।
मौके पर पुलिस, एटीएस और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने कोर्ट के हर कमरे और कोने-कोने की गहन तलाशी ली। सुरक्षा एजेंसियों ने अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से जांच की, हालांकि अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम भी सक्रिय है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
