खरताणा में 7 करोड़ के स्कूल भवन का उद्घाटन, शिक्षा मंत्री बोले—गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही होगा विकास
Share
फतहनगर, 4 मई: मावली पंचायत समिति क्षेत्र के खरताणा गांव में 7 करोड़ रुपए की लागत से बने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का सोमवार को शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने लोकार्पण किया। भामाशाह कमला देवी एवं उनके पुत्र सुभाष व नरेश द्वारा स्व. चाँदमल भँवरलाल हिरण की स्मृति में निर्मित इस भवन को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलावर ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने और अध्ययन पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही बताया कि निजी विद्यालयों से प्रतिस्पर्धा के चलते शैक्षिक कैलेंडर में बदलाव किया गया है, ताकि अंतिम पंक्ति का छात्र भी पीछे न रहे।
नई सुविधाओं की घोषणाएं
मंत्री ने खरताणा विद्यालय में इस सत्र से व्यावसायिक शिक्षा एवं बोर्ड परीक्षा केंद्र शुरू करने की घोषणा की। वहीं अगले सत्र से विज्ञान और कृषि संकाय खोलने का आश्वासन दिया। साथ ही खरताणा बांध में नमाना बांध से पानी लाने की योजना पर भी कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, सांसद सीपी जोशी, विधायक पुष्करलाल डांगी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान भामाशाह परिवार और विद्यालय निर्माण में योगदान देने वाले पूर्व प्राचार्य शंकरलाल मीणा का सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
