मेडिकल हब बनने की ओर उदयपुर: लीवर क्लिनिक व कैथ लैब का लोकार्पण
Share
एमबी अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएं, हेलीपैड युक्त विस्तार पर मंथन
उदयपुर, 5 मई: उदयपुर तेजी से मेडिकल हब के रूप में उभर रहा है। मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने महाराणा भूपाल चिकित्सालय में अत्याधुनिक कार्डियक कैथ लैब और प्रदेश के पहले जन आरोग्य लीवर क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस पहल से संभाग और आसपास के राज्यों के मरीजों को उन्नत उपचार की सुविधा मिलेगी।
हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से 15 करोड़ की लागत से स्थापित कैथ लैब में आधुनिक इमेज-गाइडेड तकनीक के जरिए एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और स्टेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं लीवर क्लिनिक राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क दवा उपलब्ध कराएगा।
बैठक में एमबी अस्पताल को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के अनुसार 8-10 मंजिला टावर, 4000 बेड क्षमता और हेलीपैड युक्त ढांचा विकसित किया जाएगा। वर्तमान में यहां प्रतिदिन 8 से 12 हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं, जो भविष्य में 25 से 30 हजार तक पहुंचने का अनुमान है।
