छात्रा की मांग पर सीएम ने की विज्ञान संकाय खोलने की घोषणा, महिलाओं संग किया गैर नृत्य
Share
बंबोरी गांव में सीएम का जनसंवाद:
प्रतापगढ़, 6 मई: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र के बंबोरी गांव में पहुंचकर ग्रामीणों और राजीविका से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद किया। इस दौरान एक छात्रा की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्कूल में विज्ञान संकाय खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने गांव में पहुंचते ही सहज अंदाज में लोगों के साथ गैर नृत्य भी किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

मुख्यमंत्री ने बंबोरी स्कूल में राजीविका लाभार्थी महिलाओं के बीच चारपाई पर बैठकर चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने बताया कि योजना से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और आत्मनिर्भरता बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका के माध्यम से महिलाएं ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन सखी’ बनकर नई पहचान बना रही हैं।
रात्रि चौपाल में किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने फलदार पेड़ लगाने और कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिल सके। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए डेयरी किसानों को 5 रुपए प्रति लीटर अनुदान और युवाओं को उद्योग स्थापित करने में सहायता का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं को महिलाओं के सशक्तिकरण से जोड़ा। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे, जबकि मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी गांव में ही प्रस्तावित रहा।
