बाल्टी में छिपाकर अफीम ले जा रहा था तस्कर गिरफ्तार
Share
नाकाबंदी देख भागा, 113 ग्राम अफीम व केमिकल बरामद; नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
उदयपुर, 6 मई: उदयपुर के वल्लभनगर क्षेत्र में एएनटीएफ ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो बेहद साधारण तरीके से बाल्टी में नशा छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस को देख आरोपी घबराकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।
बाल्टी में छिपा था नशे का जखीरा
आईजी विकास कुमार के अनुसार धमानिया गांव में सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई थी। संदिग्ध युवक शिवलाल डांगी (38) हाथ में प्लास्टिक की बाल्टी लेकर आता दिखा। पुलिस को देखकर वह मुड़कर भागने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी में बाल्टी से 113 ग्राम अफीम और 965 ग्राम नशीला तरल पदार्थ (टांका) बरामद हुआ। उसकी जेब से 23,130 रुपए नकद भी मिले।
मिलावट कर बढ़ाता था वजन
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अफीम में केमिकल मिलाकर उसका वजन बढ़ाता था और ज्यादा मुनाफा कमाता था। वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था, लेकिन सामान्य जीवनशैली के कारण शक से बचता रहा।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और सप्लाई कहां से हो रही थी।
