LOADING

Type to search

दुल्हन को घोड़ी से उतारने के मामले में उबाल, बसपा और समाज के लोग सड़कों पर उतरे

Local

दुल्हन को घोड़ी से उतारने के मामले में उबाल, बसपा और समाज के लोग सड़कों पर उतरे

Share

जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, जांच अधिकारी बदलने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
उदयपुर, 7 मई:
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र के हरियाऊ गांव में दलित समाज की दुल्हन को घोड़ी से उतारने की घटना को लेकर गुरुवार को आक्रोश खुलकर सामने आया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है। उन्होंने वर्तमान जांच अधिकारी को हटाकर किसी वरिष्ठ अनुसूचित जाति वर्ग के ईमानदार अधिकारी को जांच सौंपने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
नगर निगम से निकाली रैली
गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी और समाज के लोग नगर निगम परिसर में एकत्र हुए। यहां से सभी लोग रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 29 अप्रैल 2026 को पूजा मेघवाल की शादी के दौरान कुछ दबंगों ने उन्हें घोड़ी से उतार दिया था। घटना के बाद समाज में भारी रोष व्याप्त है।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
बसपा नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में 12 से 13 लोगों तथा कुछ महिलाओं की भूमिका सामने आई है, लेकिन अब तक केवल चार आरोपियों की ही गिरफ्तारी हुई है। उनका आरोप है कि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में सुस्ती बरत रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आजादी के 76 साल बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में जातिगत भेदभाव की मानसिकता समाप्त नहीं हुई है। ऐसी घटनाएं सामाजिक समरसता और संविधान की भावना पर चोट पहुंचाती हैं। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई और त्वरित न्याय जरूरी है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बसपा नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *