पति-पत्नी के विवाद ने लिया दर्दनाक मोड़
Share
कुल्हाड़ी से पति पर हमला कर पत्नी ने लगाई फांसी, पहले भेजा था संदेश- “मैं मरूंगी और मारूंगी”
उदयपुर, 9 मई: गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावड़ी गांव में पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी ने पहले पति पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उसे मृत समझकर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर घायल पति का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय उमेश गमेती और उसकी पत्नी 21 वर्षीय दुर्गा गमेती गुरुवार रात भजन संध्या कार्यक्रम से घर लौटे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दुर्गा ने कुल्हाड़ी से उमेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।
पति को मृत समझने के बाद दुर्गा ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार दोपहर तक घर से कोई बाहर नहीं आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पर गोगुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि घटना से पहले दुर्गा ने अपने जेठ को एक ऑडियो संदेश भेजा था, जिसमें कहा था- “मैं मरूंगी और मारूंगी, दादा अलविदा। मेरी मौत के बाद किसी को परेशान मत करना।” पुलिस ऑडियो संदेश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
