सिंधी समाज में 17 मई को होगा बहू-बेटी सम्मान समारोह
Share
संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की पहल
उदयपुर, 9 मई : पूज्य सिंधी समाज (जेएसपी) एवं पूज्य सिंधी साहिती पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में 17 मई 2026 को बहू-बेटी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शक्ति नगर स्थित झूलेलाल भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम को गरिमामय और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी समाज की प्रेरणादायी बहुओं का सम्मान किया जाएगा। पूर्व राज्य मंत्री एवं जेएसपी अध्यक्ष हरीश राजानी ने बताया कि यह सम्मान उन बहुओं को समर्पित होगा, जो पिछले कम से कम पांच वर्षों से अपने सास-ससुर के साथ रहकर परिवार को संस्कारित, सशक्त और सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पारिवारिक मूल्यों, आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास है।
माता-पिता सम्मान समारोह की भी घोषणा
बैठक में एक नई पहल के तहत वर्ष में एक बार माता-पिता सम्मान समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसकी विस्तृत घोषणा जल्द की जाएगी। सिंधी साहिती पंचायत के अध्यक्ष ओमप्रकाश आहूजा ने कहा कि बेटी, बहन और बहू का सम्मान समाज में आत्मिक संतोष और रिश्तों में मधुरता बढ़ाता है। आयोजकों ने बताया कि सम्मान हेतु नामांकन प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। बैठक में रामचंद्र चोटरानी, सुरेश चावला, भारत खत्री, कैलाश नेभनानी, कमलेश राजानी, राजेश चुग सहित कई समाजजन उपस्थित रहे।
