युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा, आगजनी-तोड़फोड़ मामले में 14 गिरफ्तार
Share
पाटला बावड़ी गांव में घरों में घुसकर लगाई थी आग, लाखों का नुकसान
प्रतापगढ़, 10 मई: प्रतापगढ़ जिले के पाटला बावड़ी गांव में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा और आगजनी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पारसोला थाना अधिकारी राकेश कटारा ने बताया कि 5 मई को लालूराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके बेटे विनोद और मुकेश का गांव के नाथूलाल मीणा से विवाद हो गया था, जिसमें चाकू लगने से नाथूलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
नाथूलाल की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने 4 मई की सुबह लालूराम मीणा और उसके परिजनों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। घटना में घरों में रखी ज्वेलरी, नकदी, कपड़े और अनाज जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार ने किसी तरह भागकर जान बचाई। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए मालीया, गमाना, भगजी, भगवानलाल, लक्ष्मण सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
